लखनऊ, 3 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आउटसोर्स पर काम करने वाले लाखों कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) को लॉन्च किया। इस नई व्यवस्था से प्रदेश के 3.5 लाख आउटसोर्स कर्मचारी और उनके परिवारों सहित करीब 17 से 20 लाख लोगों को फायदा मिलेगा।

अब बिचौलियों का खेल खत्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सिस्टम के लागू होने के बाद अब बिचौलियों के लिए कोई जगह नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकार अब किसी की मेहरबानी पर नहीं, बल्कि उनकी मेहनत पर निर्भर होंगे। सारी जानकारी UPCOS पोर्टल पर रहेगी और कर्मचारी अकेले नहीं रहेंगे, बल्कि निगम उनके साथ खड़ा रहेगा।

वेतन समय पर और नौकरी सुरक्षित

पहले कर्मचारियों को वेतन में बहुत घोटाला होता था। कोई 9000 बताता था तो हाथ में सिर्फ 6000 आते थे। अब नया नियम है कि हर कर्मचारी का वेतन हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच सीधे बैंक खाते में जाएगा। ईपीएफ और ईएसआई भी समय पर जमा होगा। सरकार सर्विस चार्ज खुद एजेंसी को देगी, कंपनी कर्मचारी के वेतन से नहीं काट सकेगी।

अब कोई कंपनी किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को मनमर्जी से नहीं निकाल सकेगी। पहले सरकार को बताना होगा, फिर जांच होगी। अगर कंपनी की रिपोर्ट गलत मिली तो कर्मचारी को परेशान नहीं किया जाएगा।

40 लाख तक का बीमा और परिवार को सुरक्षा

सरकार ने सामाजिक सुरक्षा के लिए बड़ा ऐलान किया है। दुर्घटना होने पर परिवार को 20 से 40 लाख रुपये तक का बीमा मिलेगा। आग लगने पर 10 लाख, इमरजेंसी दवा के लिए 5 लाख, एयर एम्बुलेंस के लिए 10 लाख रुपये मिलेंगे। बेटे की पढ़ाई के लिए 8 लाख तक, बेटी की पढ़ाई के लिए 10 लाख तक और दो बेटियों की शादी के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। किसी कर्मचारी की मृत्यु पर बैंक तुरंत परिवार को 50,000 रुपये देगा और जीरो बैलेंस पर खाता खुलेगा।

पारदर्शी भर्ती और डिजिटल निगरानी

अब भर्ती ऑनलाइन और पारदर्शी होगी जो योग्यता, मेरिट और आरक्षण के हिसाब से होगी। भर्ती, पोस्टिंग, हाजिरी, वेतन, बीमा सबकी डिजिटल निगरानी होगी। कर्मचारी पोर्टल पर अपनी हाजिरी, वेतन, कटौती सब एक जगह देख सकेंगे और शिकायत भी दर्ज कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *